अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी
जनपद संत कबीर नगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर बाद हुए सनसनीखेज वारदात में जनपद के नामी पहलवान की धारदार हथियारों से मारकर दिनदहाड़े हत्या कर दी गई।

फाइल फोटो- मृतक पहलवान ब्रह्मनंद यादव
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के भगठान गोसाईंपुर निवासी एवं संतकबीर नगर जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव 35 पुत्र दयाराम मंगलवार की दोपहर बाद करीब पौने तीन बजे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल संख्या- यूपी 53 सीई 6263 से गांव के निकटवर्ती चौराहे गिठिनी से पशुओं का चोकर लेने जा रहे थे। अभी वह घर से 100 मीटर की दूरी पर पहुंचे थे कि पुरानी रंजिश में पहले से ही घात लगाकर बैठे पट्टीदारों नें पहलवान की आंखों में लाल मिर्च का पाउडर फेंक दिया जिससे उनकी बुलेट मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई और इस दौरान आरोपियों नें कुल्हाड़ी एवं धारदार हथियारों तथा लाठी-डंडों से बेरहमी से उनके ऊपर हमला बोल दिया।
पहलवान के परिजनों के मुताबिक शोर सुनकर वह लोग मौके पर जा रहे थे कि आरोपियों ने दबंगई पूर्वक उन्हें रास्ते में रोक दिया। इस दौरान मौके पर कई आरोपी मौजूद रहे। परिजनों के मुताबिक आरोपियों नें आंख में लाल मिर्च झोंकने के बाद उनके पैर में गोली भी मार दिया था और सिर पर फरसे से प्रहार किया था। किसी तरीके से परिजन उन्हें निजी साधन से जिला अस्पताल संत कबीर ले गए जहां से उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए चिकत्सकों रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाने से पूर्व ही पहलवान की मौत हो गई।
जनपद के नामी पहलवान ब्रह्मानंद यादव के मौत की खबर सुनते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उक्त लोगो द्वारा मृतक पहलवान का शव खलीलाबाद बाईपास पर रखकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने संबंधित लोगों को समझा बुझा कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना के अनुसार मृतक पहलवान अपने चार भाइयों में सबसे छोटे थे और उनका विवाह साल 2017 में हुआ था। मृतक पहलवान के एक पुत्र तथा एक पुत्री है। ग्रामीणों के मुताबिक विगत मई महीने में दोनों पट्टीदारों के बीच में चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट हुई थी। जिसमें दोनों पक्षों से मुकदमा पंजीकृत हुआ था।
हत्या के संबंध में मृतक के भाई रमाकांत यादव पुत्र दयाराम यादव की तहरीर पर गांव के ही राकेश यादव पुत्र बलराम, छविराम पुत्र रामललित, अजय पुत्र करिया व अभिमन्यु पुत्र मानसिंह यादव के खिलाफ पुलिस नें मुकदमा पंजीकृत किया है।
उक्त मामले में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा के अनुसार तहरीर के आधार पर पुलिस नें मुकदमा पंजीकृत कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है तथा मामले की शीघ्र पर्दाफाश के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। शीघ्र ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। उक्त घटना से जनपद में हड़कंप मच गया, इस दौरान बड़ी संख्या में विभिन्न दलों के लोगों नें पहलवान की निर्मम हत्या पर अपनी संवेदना व्यक्त किया है।


