अजीत पार्थ न्यूज संवाददाता छावनी, बस्ती
हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का छावनी पुलिस नें पर्दाफाश किया है। पुलिस ने रविवार देर रात मझौवा दुबे के पास से गिरोह के दो शातिर आरोपियों के साथ दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से सफेद रंग की वैन्यू कार, पांच नीले प्लास्टिक के जरीकेन में करीब 50 लीटर चोरी का डीजल बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपितों की पहचान आदर्श वर्मा पुत्र स्व.खुशीराम वर्मा निवासी जुवागांव, थाना भीटी, जनपद अंबेडकरनगर और लवकुश चौहान पुत्र इंद्रपाल चौहान निवासी गौहनिया, थाना गोसाईगंज, जनपद अयोध्या के रूप में हुई है। इनके साथ दो बाल अपचारियों को भी पुलिस ने पकड़ा है।
गिरोह के सदस्य वैन्यू कार पर राजनैतिक दल का झंडा लगाकर हाईवे किनारे खड़े ट्रकों की रेकी करते थे। भोर में जब ट्रक चालक गहरी नींद में होते थे, उसी दौरान गिरोह के सदस्य जरीकेन के जरिए ट्रकों की टंकी से डीजल निकाल लेते थे। चोरी किए गए डीजल को बेचकर मिलने वाले रुपये से आरोपी शौक-मौज और खान-पान में खर्च करते थे।
पुलिस ने बताया कि 13 सितंबर की रात मझौवा दुबे के पास खड़े एक ट्रक से डीजल चोरी करने के बाद आरोपी उसे बेचने के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार से पांच जरीकेन में करीब 50 लीटर चोरी का डीजल बरामद हुआ।
पकड़े गए मुख्य आरोपी आदर्श वर्मा के विरुद्ध अकबरपुर और भीटी थानों में लूट से संबंधित धारा 392, 411 आइपीसी, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में छ: मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं लवकुश चौहान के विरुद्ध गोसाईगंज थाने में बीएनएस की धारा 303(2) और 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज है।
मामले में थाना छावनी में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के डीजल की बिक्री से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राधारमण यादव (अमोढ़ा चौकी प्रभारी), उपनिरीक्षक रामकुमार पासवान, हेड कांस्टेबल फरियानाथ भास्कर, कांस्टेबल राजीव रंजन समेत पुलिस टीम शामिल रही।


