अनियंत्रित ट्रेलर नें स्कूटी सवार वृद्ध को रौंदा,घटनास्थल पर हुई मौत, टोल टैक्स बचाने के चक्कर में आएदिन हो रही है दुर्घटनाएं 

अजीत पार्थ न्यूज संवाददाता महादेवा,बस्ती

जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के महादेवा-लालगंज मार्ग पर बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे का मामला प्रकाश में आया। सूचना के अनुसार सोहिला ग्राम के निकट तेज रफ्तार अज्ञात गिट्टी लदे हुए ट्रेलर नें स्कूटी सवार वृद्ध को रौंद दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

फाइल फोटो- मृतक राम प्रयाग 

मृतक की पहचान महादेवा चौराहा निवासी रामप्रयाग 70 के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रामप्रयाग स्कूटी से किसी काम से लालगंज बाजार गए हुए थे और वापस महादेवा बाजार लौट रहे थे। जैसे ही वे सोहिला गांव के पास पहुंचे थे कि महादेवा की तरफ से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गए।

रामप्रयाग महादेवा चौराहे पर किराने की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक लालगंज दिनेश चंद्र चौधरी नें शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि हाईवे का टोल टैक्स बचाने के चक्कर में रोजाना सैकड़ो की संख्या में बड़े गिट्टी लदे ट्रेलर मुंडेरवा-कुदरहा-महादेवा-लालगंज मार्ग से होकर गुजरते हैं। तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण स्थानीय लोगों में हमेशा हादसे का भय बना रहता है। ग्रामीणों नें प्रशासन से इस मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग किया है।

error: Content is protected !!