प्रतिमा विसर्जन के दौरान मनोरमा नदी में डूबने से युवक की हुई मौत,एकलौते बेटे के मौत के गम में माँ नें किया आत्महत्या का प्रयास,परिजनों नें बचाया

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

जनपद के दुबौलिया थाना अंतर्गत मनोरमा नदी के बरुआ बाबा अजगरा घाट पर मंगलवार की देर रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में आए हुए युवक की स्नान करते समय डूबने से मौत का मामला प्रकाश में आया है। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर मौजूद स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मदद से युवक को नदी से बाहर निकाला गया। आननफानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी ले गए, जहां पर चिकित्सकों नें युवक को मृत घोषित कर दिया।इस दौरान पुलिस नें शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरवनपुर पांडेय ग्राम के तिनपेड़िया में स्थापित दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए बरुआ बाबा अजगरा स्थित मनोरमा नदी के घाट पर गई हुई थी। इस दौरान रात करीब आठ बजे प्रतिमा विसर्जन के बाद सुद्धू चौधरी, संजय चौधरी और अखिलेश चौधरी नदी में स्नान करने लगे। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से सुद्धू चौधरी 30 पुत्र राम लौट चौधरी नदी में बहने लगा और देखते ही देखते लापता हो गया।

युवक के डूबने की सूचना मिलते ही दुबौलिया पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में उसकी तलाश शुरू कराई गई। काफी प्रयास के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।

विसर्जन के दौरान मारपीट की भी चर्चा

स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रतिमा विसर्जन के दौरान घाट पर मारपीट होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के अन्य पहलुओं को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

मृतक सुद्धू चौधरी अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। मां अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे को खोने के सदमे में वह बार-बार लोगों से पूछ रही हैं कि उनका बेटा कब घर लौटेगा। मां की करुण पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो जा रही हैं। इस दौरान अनीता द्वारा आत्महत्या करने का प्रयास किया गया जिसे समय रहते परिजनों और पड़ोसियों द्वारा बचा लिया गया। उक्त घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

error: Content is protected !!