अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी
जनपद गोरखपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो सगे भाइयों सहित एक मौसी के लड़के के मौत का मामला प्रकाश में आया है। सूचना के अनुसार गोरखपुर जनपद के गुलरिहा थाना क्षेत्र में विसर्जन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मूर्तियां लेकर जा रहे लोगों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रॉली में लगे हुए लोहे की रॉड ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। करंट की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग झुलस गए। मृतकों में दो सगे भाई लकी (17) और विक्की (18) तथा उनका मौसेरा भाई चंदन (21) शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त घटना रजही चौराहे के निकट गुलरिहा थाना क्षेत्र में अयोध्या प्रसाद चौहान टोला के पास घटित हुई। सूचना के मुताबिक यहां पर दुर्गा प्रतिमा स्थापित की गई थी। बुधवार की शाम करीब पांच बजे गांव के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले हुए थे। रास्ते में रजही चौराहे के निकट ट्रॉली में लगे हुए लोहे की लंबी रॉड हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई। इसके बाद ट्रॉली पर सवार लोग करंट की चपेट में आ गए। उक्त हादसे में कुल सात लोग झुलस गए, जिसमें से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को इलाज के लिए बाबा राघवदास मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे में लकी और विक्की की मौत से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा, दोनों सगे भाई थे। उनके साथ उनके मौसेरे भाई चंदन की भी जान चली गई। एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों नें बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज के बाहर हंगामा किया। लोगों नें बिजली विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया। विरोध के दौरान करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मेडिकल कॉलेज के आसपास की 50 से अधिक दुकानें बंद कर दी गईं। इस दौरान गुस्साए लोगों नें एक रोडवेज बस में तोड़फोड़ भी किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर दो बटालियन पीएसी तैनात की गईं। करीब दो घंटे बाद शाम करीब 7:40 बजे जाम खुल पाया।
परिजनों का आरोप है कि रजही चौराहे के पास 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन नीचे लटक रही थी। ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिमा विसर्जन के लिए सुबह से बिजली आपूर्ति बंद रखी गई थी, लेकिन शाम करीब 4:30 बजे आपूर्ति दोबारा शुरू कर दी गई। विसर्जन में शामिल लोगों को इसकी जानकारी नहीं थी। प्रतिमा के साथ दो पुलिसकर्मी भी चल रहे थे। पुलिसकर्मियों नें बताया कि आगे का रास्ता साफ है। हादसे के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को उच्चाधिकारियों द्वारा निलंबित कर दिया गया।


