अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी
सीमावर्ती जनपद गोंडा निवासी दो युवा सिपाहियों का हार्ट अटैक से मौत होने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। दोनों आरक्षी अलग-अलग जनपदों में तैनात थे। घटना की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,जनपद गोंडा के नगर पंचायत मुजेहना के माधवनगर वार्ड नंबर 3 निवासी सिपाही आदित्य श्रीवास्तव 25 की देवरिया जनपद में ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। गुरुवार देर रात उन्हें हार्ट अटैक आया। साथी पुलिसकर्मी उन्हें अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। आदित्य देवरिया पुलिस लाइन में तैनात थे और ट्रांजिट हॉस्टल में रहते थे। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पिता राजकुमार श्रीवास्तव का पहले ही निधन हो चुका है।
वहीं, उमरी बेगमगंज के जफरापुर निवासी आरक्षी महेश कुमार कनौजिया 29 की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह लखनऊ पुलिस लाइन के गणना कार्यालय-बी में तैनात थे। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत किया। इसके बाद उन्हें केजीएमयू के लारी कार्डियोलॉजी सेंटर ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों नें उन्हें मृत घोषित कर दिया। महेश वर्ष 2018 बैच के सिपाही थे। उनके परिवार में पत्नी और डेढ़ साल की पुत्री है। दु:खद बात यह है कि उनकी पुत्री के भी ह्रदय में छेद है और उसका इलाज भी चल रहा है। एक ही जनपद के दो युवा पुलिसकर्मियों की असामयिक मौत से पुलिस महकमे सहित उनके परिवारों में शोक की लहर व्याप्त है।


