अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के लालगंज थाना अंतर्गत देईसांड बाजार में रविवार की सुबह एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया। सूचना के मुताबिक चौराहे पर संचालित यूपी 51 दाना-पानी रेस्टोरेंट के अंदर एक युवक का शव बरामद हुआ। परिजनों के मुताबिक युवक के शरीर पर चोट के निशान थे,शव मिलने की सूचना पर चौराहे पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष लालगंज विनय कुमार पाठक नें शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फाइल फोटो- मृतक रामरुप उर्फ झकडी
प्राप्त जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद संत कबीर नगर के महुली थाना अंतर्गत भोगीपुर ग्राम निवासी रामरूप उर्फ झकड़ी 45 पुत्र गंगाराम कन्नौजिया विगत करीब 25 दिनों से देईसांड बाजार में संचालित यूपी 51 दाना-पानी रेस्टोरेंट में कर्मचारी का काम कर रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक शनिवार की देर रात रेस्टोरेंट बंद होने की पश्चात रेस्टोरेंट का मालिक अपने घर चला गया। जबकि रामरूप उर्फ झकड़ी रेस्टोरेंट में ही रुक गया था।
रविवार की सुबह जब रेस्टोरेंट का मालिक दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो उसने रेस्टोरेंट के अंदर रामरूप के शव को देखा और घटना की सूचना उसने स्थानीय पुलिस तथा रामरूप के परिजनों को दिया। मौके पर पहुंची पुलिस नें मामले में विभिन्न साक्ष्य जुटाए और जांच पड़ताल शुरू कर दिया। सूचना के अनुसार मृतक रामरूप उर्फ झकड़ी चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल मामले में पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस के अनुसार घटना का शीघ्र ही खुलासा कर दिया जाएगा।


