अजीत पार्थ न्यूज संवाददाता छावनी, बस्ती
जनपद के छावनी थाना क्षेत्र के सिरौली बाबू पेट्रोल पंप के सामने सोमवार दोपहर करीब साढे बारह बजे तेज रफ्तार ट्रैवलर नें बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया । हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई एवं बाइक पर सवार उसके मित्र और तीन वर्षीय बच्चे के सड़क के दूसरी तरफ गिरने के कारण बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई लोग घटना कर भाग रहे वाहन को पकड़ने के लिए छावनी पुलिस से तकरार भी करने लगे।
मृतक की पहचान मंजीत कुमार 24 पुत्र पवन कुमार निवासी लोइयाभार, पोस्ट घोटेपार, बढ़या कला जगदीशपुर, थाना महुली, जिला संतकबीरनगर के रूप में हुई। वह अपने मित्र सुनील सोनी 30 पुत्र अयोध्या प्रसाद और उसके तीन वर्षीय पुत्र कार्तिक के साथ हीरोहोंडा बाइक से गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुरवा स्थित अपने दूसरे घर जा रहा था।
अभी वह थाना क्षेत्र के छावनी कस्बे के पास सिरौली बाबू पेट्रोल पंप के सामने ही पहुंचा था तभी पीछे से लखनऊ जा रही अनियंत्रित ट्रैवलर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मंजीत सड़क पर गिर गया और ट्रैवलर का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हेलमेट पहने होने के बावजूद हेलमेट टूट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को एंबुलेंस से सीएचसी विक्रमजोत भेजा, जहां चिकित्सक डॉ. अतुल सिंह ने मंजीत को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद हादसा कर भाग रही ट्रैवलर को पकड़ने को लेकर स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस भी हुई। पिपरा गौतम निवासी अजय कुमार समेत अन्य युवकों ने पुलिस से वाहन को तत्काल पकड़ने की मांग की। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हादसा करने वाले वाहन को ट्रेस करने की कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।


