∆∆••• बस स्टेशन परिसर में हुई संयुक्त बैठक, ईपीएस-95 पेंशनरों ने बनाई रणनीति
अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
बस स्टेशन परिसर में शुक्रवार को ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति बस्ती मंडल व जनपद इकाई की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले दिनों 9, 10 और 11 मार्च को आयोजित राष्ट्रीय धरना-प्रदर्शन की जानकारी पेंशनरों को दी गई और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष कृष्णानंद पांडेय ने की। वक्ताओं ने कहा कि जब तक सरकार पेंशन में बढ़ोत्तरी नहीं करती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। सभी सदस्यों ने एकमत से कहा कि अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए हर स्तर पर त्याग और संघर्ष करने को तैयार हैं।
बैठक में मंडल अध्यक्ष बालमुकुंद मिश्रा, मंडल सचिव हरिश्चंद्र उपाध्याय, पूर्व मंडल समन्वयक तिलक राम दुबे, रामचरित सिंह, जिला उपाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद, संतकबीरनगर के जिला अध्यक्ष सत्य प्रकाश श्रीवास्तव, अनिरुद्ध सिंह, विजय प्रताप सिंह तथा विजयलक्ष्मी उर्फ जय सहित अन्य सदस्यों ने विचार व्यक्त किए। बैठक के अंत में पेंशन प्राप्त करने वाले कर्मचारियों केशव प्रसाद शुक्ला, हरिश्चंद्र लाल श्रीवास्तव, लक्ष्मी प्रसाद व गिरजेश नायक के निधन पर शोकसभा आयोजित कर श्रद्धांजलि दी गई।


