अजीत पार्थ न्यूज संवाददाता कलवारी बस्ती
जनपद के कलवारी थाना अंतर्गत कलवारी मुख्य चौराहे पर शनिवार की रात करीब साढ़े बारह बजे तेज रफ्तार कंटेनर एवं मुर्गी लदे हुए पिकअप के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गया, जिससे पिकअप पलट गया और उसी के ऊपर अनियंत्रित होकर कंटेनर भी पलट गया। दोनों वाहनों के भीषण दुर्घटना में आसपास के दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना में पिकअप चालक व खलासी तथा कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों वाहनों के टकराने से तेज आवाज होने के बाद आसपास अपने घरों में सोए हुए दुकानदार मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दिया। दुर्घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस तीनों घायलों को कलवारी में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर पहुंचाया, जहां पर चिकित्सक नें प्राथमिक उपचार करने के बाद तीनों को जिला अस्पताल बस्ती के लिए रेफर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छावनी की तरफ से मुर्गी लादकर पिकअप चालक दिलशाद 30 एवं खलासी मोहम्मद उमर 28 थाना कोतवाली जनपद आजमगढ़, टांडा की तरफ जा रहे थे। इसी बीच सिकरीगंज गोरखपुर से बेकरी का सामान लादकर दिल्ली की तरफ जा रहा कंटेनर चालक लवकुश निवासी जनपद बदायूं द्वारा दोनों वाहनों में जोरदार भिड़ंत हो गया। जिससे सड़क के किनारे मंगल प्रसाद अग्रहरि की रेवड़ी, बताशे की दुकान, अजय की पान की दुकान, मनोहर लाल की फुटवियर दुकान तथा अनिल की टॉफी-बिस्कुट की दुकान क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दुर्घटना के समय दुकानें बंद थीं, जिससे बहुत बड़ा हादसा होने से बच गया। दुर्घटना के बाद काफी देर तक यातायात बाधित रहा। पुलिस के अनुसार तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया है। जिसमें से पिकअप चालक दिलशाद की हालत नाजुक बताई जा रही है।
इस दौरान मुर्गी लदे हुए पिकअप में से स्थानीय लोगों में मुर्गियों को लूटने की होड़ मच गई और रात में ही पिकअप की सभी मुर्गियां स्थानीय लोगों द्वारा लूट लिया गया। उक्त दुर्घटना में कलवारी पुलिस द्वारा लगवाए गए सीसीटीवी कैमरे भी टूट गए। फिलहाल पुलिस काफी मशक्कत के बाद हाइड्रा लगवाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे लगवाकर अपने कब्जे में लिया और यातायात को बहाल करवाया।


