अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के सोनहा थाना अंतर्गत बसडिलिया ग्राम में क्रोध में आई एक नवविवाहिता नें अपने हाथों से ही अपना सुहाग उजाड़ लिया। होनी नें ऐसा खेल खेला कि, खुद ही पति के गैर इरादतन हत्या के जुर्म में पत्नी को जेल जाना पड़ा।

फाइल फोटो- मृतक अनूप चौधरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनहा थाना क्षेत्र के बसडिलिया ग्राम निवासी अनूप चौधरी 30 पुत्र अशर्फीलाल चौधरी का विवाह ग्राम मुंगरहा,थाना रुधौली, जनपद बस्ती निवासी अर्चना चौधरी पुत्री मुनिराम चौधरी के साथ विगत 12 फरवरी को धूमधाम के साथ हुआ था। शुक्रवार को अर्चना चौधरी के पिता मुनिराम चौधरी का मौत हो जाने की वजह से ब्रह्मभोज कार्यक्रम था। जिसमें दोनों शामिल होकर रात करीब साढ़े आठ बजे बसडिलिया ग्राम में लौटे थे। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे किसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी शुरू हो गया और जो थोड़ी ही देर में मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान अर्चना चौधरी नें पति अनूप चौधरी को जोर से धक्का दे दिया। जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह खिड़की से टकरा गया, तथा खिड़की में लगे हुए शीशे के टूटने से उसके दाहिने हाथ की नस कट गई। परिजन अनूप को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि अत्यधिक रक्तस्राव होने की वजह से रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों नें युवक को मृत घोषित कर दिया।
इधर घर पर पत्नी अर्चना भी बेहोश पाई गई, आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर इलाज के दौरान वह ठीक हो गई। पुलिसिया जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि अर्चना द्वारा पति अनूप को धक्का देने की वजह से उसकी मौत हुई है।
पुलिस नें तहरीर के आधार पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर अर्चना को गिरफ्तार कर न्यायालय के लिए रवाना कर दिया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फिलहाल उक्त घटना से रिश्तो में आ रही कड़वाहट पर लोग चर्चा कर रहे हैं कि स्वार्थ के वशीभूत होकर लोग सात जन्मों के रिश्ते को भी ताख पर रख दे रहे हैं।


