कांवर यात्रा की तैयारियों का जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना नें लिया जायजा, भदेश्वरनाथ मंदिर में सुरक्षा व सुविधाओं को परखा 

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

श्रावण मास के त्रयोदशी को आयोजित होने वाले कांवर यात्रा के मद्देनजर जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना नें सोमवार को बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी नें मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वार, दर्शन मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजामों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा निर्धारित रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि कांवर यात्रियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी नें सभी आवश्यक सेवाओं को 24 घंटे सक्रिय रखने,आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रखने तथा मंदिर परिसर व आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित कूड़ा निस्तारण और पेयजल की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी फुटहिया चौराहे पर पहुंचीं और यातायात व्यवस्था का जायजा लेकर कांवर यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर नवागत अपर जिलाधिकारी ज्ञानचन्द्र गुप्ता, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, डीपीआरओ धनश्याम सागर, एसडीएम राजेश कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी सत्येन्द्र भूषण तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!