प्रेमिका से बात करने की जिद में प्रेमी नें उठाया खौफनाक कदम, गांव वालों के सामने तमंचे से खुद को मारी गोली, हुई मौत,एक दिन पहले थाने से छूटा था युवक

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

जनपद के हर्रैया थाना अंतर्गत बसेवा राय ग्राम में बुधवार की सुबह एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यहां पर एक युवक नें गांव वालों के सामने ही तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर लिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही हर्रैया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दिया।

मृतक शिवकुमार 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार 11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 7:30 बजे थाना हर्रैया पर पीआरवी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बसेंवा राय निवासी लालू प्रसाद पुत्र राम लोटन के घर उनके रिश्तेदार शिवकुमार 25 पुत्र राम बुझारत निवासी ठाकुरपुर, थाना परशुरामपुर, जनपद बस्ती आया हुआ था। शिवकुमार एक लड़की से बातचीत करने की जिद करने लगा। लड़की के बात नहीं करने पर वह आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। इस दौरान गांव के लोगों ने मौके पर पहुंचकर उसे समझाने-बुझाने का प्रयास किया। लेकिन लोगों की मौजूदगी में ही युवक ने तमंचा निकालकर खुद को गोली मार लिया।

गांव में गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक हर्रैया संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम और पीआरवी की टीम भी घटना स्थल पर मौजूद रही।

उल्लेखनीय है कि प्रेम प्रसंग और शादी की जिद पर परिजनों की शिकायत के कारण परशुरामपुर पुलिस नें मंगलवार को उसे थाने पर बुलाया था तथा उसे थाने पर बैठाया गया था। साथ ही मंगलवार को उसे थाने से छोड़ दिया गया था और बुधवार को उसने उक्त घटना को अंजाम दे दिया। सूत्रों के मुताबिक उक्त पूरा मामला रिश्तेदारी में प्रेम प्रसंग से संबंधित है। पुलिस नें शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई है, साथ ही उक्त मामले की विधिवत छानबीन कर रही है।

error: Content is protected !!