अजीत पार्थ न्यूज बनकटी बस्ती
पुत्र का जन्म भाग्य से होता है, लेकिन बेटियों का जन्म परम सौभाग्य से किसी के गृह में होता है। जिस घर में पुत्रियां नहीं होती हैं, वहां पर यह मान लेना चाहिए कि मां पारंबा भगवती की कृपा नहीं है। उक्त सद् वचन देईसाँड बाजार में आयोजित सप्त दिवसीय संगीतमयी श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव में शारदा पीठ द्वारिका गुजरात से पधारे हुए परम संत क्षितिज जी महाराज द्वारा उपस्थित श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराते हुए बताया गया।

कथा का विस्तार करते हुए उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर जितने भी मनुष्य रूपी प्राणी हैं, वह सभी आदिपुरुष मनु और शतरूपा की संताने हैं। विज्ञान भले ही यह कहता हो कि हमारा जन्म बंदरों से हुआ है, लेकिन वह सर्वथा गलत एवं मिथ्या है। उन्होंने कहा कि संत का स्वभाव करुणा से परिपूर्ण होना चाहिए, जो अजातशत्रु हो अर्थात जिसके कोई शत्रु न हो वही संत है। कथा के प्रसंग के अनुसार भगवान शिव नें अपना विवाह संपूर्ण सृष्टि को यह संदेश देने के लिए किया कि सृष्टि को संचालित करने के लिए परिवार होना परम आवश्यक है और परिवार के लिए विवाह का होना अति आवश्यक है।
इस दौरान श्रीमद् भागवत कथा के आयोजक दीप नारायण मिश्र नें बताया कि उनके पिता स्वर्गीय वाचस्पति मिश्र की स्मृति में लगातार छठवीं बार श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया है। जिसमें देश के विभिन्न प्रदेशों से विशिष्ट कथावाचकों द्वारा इस क्षेत्र की जनता को श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कराया गया है।
इस दौरान मुख्य यजमान मालती देवी, रुद्र नारायण मिश्र, घनश्याम मिश्र, सत्यनारायण मिश्र, आनंद नारायण मिश्र, दिलीप शुक्ला, वीरेंद्र शुक्ला,जयंत्री दुबे, चंद्रकेश पांडेय सहित तमाम श्रद्धालुओं नें कथा को श्रवण किया।


