अजीत पार्थ न्यूज
वर्तमान समय में सफलतम व्यक्तियों द्वारा आत्महत्या कर लेने के कारण समाज सोचने को मजबूर हो जा रहा है। ताजा मामला बदायूं जनपद का है शनिवार को सरकारी आवास में महिला न्यायाधीश का शव प्राप्त हुआ है। सूचना के अनुसार मृतका महिला न्यायाधीश बदायूं जनपद न्यायालय में तैनात थीं। मृतका महिला जज का नाम ज्योत्सना रॉय 29 बताया जा रहा है। ज्योत्सना राय मऊ जनपद की मूल निवासी थीं एवं अभी उनका विवाह नहीं हुआ था। सूचना पर मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी पहुंचकर मामले की छानबीन किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला जज का शव पंखे से लटका हुआ था। पुलिस के अनुसार कमरे से सुसाइड नोट प्राप्त हुआ है। सुसाइड नोट में मृतका जज नें लिखा है कि उनके दोनों पालतू खरगोशों का विशेष ख्याल रखा जाए एवं उनका अंतिम संस्कार सरयू नदी के तट पर किया जाए। उल्लेखनीय है कि बदायूं जनपद में तैनाती से पूर्व वह अयोध्या में तैनात थीं। पूरा मामला सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के जजेज कॉलोनी का है। मृतका के पिता अशोक राय के अनुसार उनकी पुत्री आत्महत्या नहीं कर सकती है, उसकी हत्या करके शव को पंखे से लटकाया गया है। पुलिस पहले आत्महत्या मान रही थी, पिता की तहरीर पर पुलिस नें हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया है।