सावधान ! चक्रवाती तूफान “दाना” दो दिनों के लिए पूर्वांचल में देगा दस्तक, लाएगा “पानी”, धूल भरी आंधी की आशंका

अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी

आगामी गुरुवार और शुक्रवार यानी 24 एवं 25 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश में दो दिनों के लिए बारिश एवं आंधी की संभावना बनती नजर आ रही है। उल्लेखनीय है कि चक्रवाती तूफान ‘दाना’ से गरज-चमक के साथ बारिश या धूलभरी आंधी चलने का अनुमान है। 25 अक्टूबर के बाद उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के पास सागर में उठा चक्रवाती तूफान ‘दाना’ दो दिन बाद वाराणसी समेत पूर्वांचल में आंधी-पानी की वजह बन सकता है। मौसम विभाग ने 24 एवं 25 अक्तूबर को चमक-गरज के साथ बारिश या धूलभरी आंधी चलने का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन से चार दिनों में ठंडक भी बढ़ने की संभावना है।

कार्तिक मास में दीपावली त्योहार से पूर्व प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात ‘दाना’ के 24 अक्तूबर की सुबह उड़ीसा एवं पश्चिम बंगाल के बीच समुद्री तट तक पहुंचने की संभावना है। इसका असर उत्तर प्रदेश के वाराणसी एवं आसपास जनपदों में भी दिख सका है।

उल्लेखनीय है कि इधर बीते दो दिनों से धूप में तेजी और दिन के तापमान में वृद्धि से भी मौसम में बदलाव का संकेत है। वैसे, रात का तापमान 20 डिग्री के आसपास बना हुआ है। रात में सिहरन महसूस हो रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 35 और रात का तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस था।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस बार पहला पश्चिमी विक्षोभ अक्टूबर के शुरू में ही आ गया। यह सामान्य तौर पर अक्टूबर के अंतिम सप्ताह तक आते थे। वैश्विक स्तर पर जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम में बदलाव बराबर हो रहा है। यह सिलसिला 15 नवंबर तक चलेगा, पर रात की सर्दी बनी रहेगी। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह तक दिन के तापमान में भी कमी आएगी। चक्रवात का असर मौसम पर पड़ेगा एवं उतार-चढ़ाव का क्रम बना रहेगा।

कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार अगर चक्रवात की गति तेज रही तो पूर्वांचल में धान की फसल पर गहरा असर पड़ेगा और रबी की फसल की बोवाई भी पिछड़ेगी,जिसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ेगा।

error: Content is protected !!