नई कंबाइन मशीन अनियंत्रित होकर पुल के नीचे गिरी, कंबाइन मालिक पूर्व प्रमुख की हुई दर्दनाक मौत, दो लोग गंभीर रुप से हुए घायल 

अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी

जनपद संतकबीरनगर के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-28 पर हनुमान मंदिर के निकट एक नई कंबाइन मशीन अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नई कंबाइन मशीन बस्ती जनपद से गोरखपुर की तरफ जा रही थी। जैसे ही उक्त मशीन मगहर क्षेत्र के संत कबीर समाधि स्थल के निकट पुल पर पहुंची कि,अचानक चालक नियंत्रण खो बैठा और रेलिंग तोड़ते हुए आधा हिस्सा पुल के नीचे जा गिरा, जबकि पिछला हिस्सा हाईवे पर ही अटक गया।

घटना की सूचना मिलते ही मगहर चौकी इंचार्ज विनोद यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया।

उक्त हादसे में कंबाइन मालिक देवेन्द्र यादव 50 पुत्र छोटेलाल निवासी ग्राम जादूपुर,थाना झंगहा, जनपद गोरखपुर की मौत हो गई। दुर्घटना में सोनपाल 30 निवासी जनपद शाहजहांपुर और अज्ञात चालक गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका इलाज चल रहा है।

 

error: Content is protected !!