अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी
जनपद शाहजहांपुर में तैनात क्राइम इंस्पेक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस विभाग में सनसनी फैल गई। इंस्पेक्टर राजेश सिंह का शव उनके आवास के बाथरूम में प्राप्त हुआ है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इंस्पेक्टर को अचेतावस्था में मिलने के बाद तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों नें उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी गई। क्षेत्राधिकारी परवीन मलिक नें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और परिजनों को सूचना दी। वहीं, एएसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे नें घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
बताया जा रहा है कि मृतक इंस्पेक्टर मूल रूप से उन्नाव जनपद के निवासी थे और वर्ष 1997 बैच के अधिकारी थे। हाल ही में उनका स्थानांतरण बंडा से पुवायां किया गया था। पुलिस नें शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। सूचना पर मृतक इंस्पेक्टर के परिजन पहुंच गए हैं।


