बेहोशी की हालत में छत पर पड़ा हुआ था मासूम, इलाज के दौरान हुई मौत, परिजन थे खेती के काम में व्यस्त

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

जनपद के लालगंज थाना अंतर्गत थाल्हापार ग्राम में शनिवार की दोपहर एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया। सूचना के अनुसार घर के कमरे में मौजूद 8 वर्षीय बालक अचानक छत पर बेहोशी की हालत में पाया गया। परिजन ग्रामीणों के साथ उसे आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए, जहां पर प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सकों नें उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय मासूम बच्चे की रास्ते में ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाल्हापार ग्राम निवासी आर्यन चौधरी 8 पुत्र सतई चौधरी मकान के छत पर बने हुए कमरे में मौजूद था। इसी दौरान दोपहर करीब ग्यारह बजे उसकी बड़ी बहन छत पर पहुंची तो उसका भाई आर्यन छत पर कड़ी धूप में बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ था। छोटे भाई को बेहोश देखकर उसने रोते हुए शोर मचाया, शोर सुनकर मौके पर मौजूद लोगों द्वारा उसे आनन-फानन में पीएचसी बनकटी पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों नें प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही आर्यन की मौत हो गई।

ग्रामीणों के मुताबिक सतई चौधरी के गेहूं की कटाई हुई थी, और पूरे परिवार के लोग गेहूं ढ़ो रहे थे, इसी दौरान उक्त घटना हुई। मृत मासूम कक्षा 2 का छात्र था और वह चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी बड़ी बहन नें दोपहर करीब तीन बजे डायल 112 पर फोन करके घटना की सूचना पुलिस को दिया।

सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष विनय कुमार पाठक और क्षेत्राधिकारी रुधौली को सूचना मिली कि परिजनों नें मासूम बालक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। परिजन पोस्टमार्टम नहीं करना चाहते थे। फिलहाल बालक की मौत किन परिस्थिति में हुई इसका पता नहीं चल पाया है। मासूम की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

error: Content is protected !!