ग्राम विकास अधिकारी से बीस हजार रुपये घूस लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी को विजिलेंस टीम नें किया गिरफ्तार

अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी

जनपद बिजनौर में विकास भवन स्थित जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में बुधवार को सतर्कता अधिष्ठान बरेली की टीम नें कार्रवाई करते हुए अपर जिला पंचायत राज अधिकारी/प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी रिजवान अहमद को 20 हजार रुपये का घूस लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। उक्त कार्रवाई से विकास भवन परिसर में हड़कंप मच गया। जिला पंचायत अधिकारी को गिरफ्तार करने के बाद विजिलेंस टीम अपने साथ ले गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभारी डीपीआरओ रिजवान अहमद शिकायतकर्ता ब्लाक कोतवाली देहात में तैनात एक ग्राम विकास अधिकारी से उसके पास पूर्व में रहे ग्राम पंचायतों में कराए गए छः विकास कार्यों की अनियमितताओं की जांच के निस्तारण के लिए पहले 25 हजार रुपये की घूस मांगा गया था। शिकायतकर्ता के अनुरोध के बाद घूस की रकम को घटाकर 20 हजार रुपये तय किया गया था।

शिकायतकर्ता ग्राम विकास अधिकारी नें उक्त के संबंध में पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान बरेली सेक्टर से लिखित शिकायत किया था। जांच में आरोप सही पाए जाने पर टीम नें पूर्व योजना के तहत जाल बिछाया। बुधवार को करीब डेढ़ बजे जैसे ही शिकायतकर्ता नें कार्यालय में पहुंचकर 20 हजार रुपये दिए, उसी दौरान पहले से मुस्तैद करीब आठ की संख्या में विजिलेंस टीम के सदस्यों नें मौके पर पहुंचकर रिजवान अहमद को घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। उक्त प्रकरण में आरोपी डीपीआरओ के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

विजिलेंस टीम ने करीब डेढ़ बजे डीपीआरओ कार्यालय में छापामार कर प्रभारी डीपीआरओ को पकड़ लिया था। विजिलेंस टीम तीन घंटे से अधिक कार्यालय में रूकी रही और डीपीआरओ से पूछताछ करती रही। करीब पौने पांच बजे विजिलेंस टीम प्रभारी डीपीआरओ को अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले गई। इस दौरान विजिलेंस टीम के अधिकारियों नें मीडिया को कोई भी जानकारी देने से इंकार कर दिया। उल्लेखनीय है कि यहां पर तैनात जिला पंचायत राज अधिकारी का यूपीएससी में चयन हो जाने के कारण अपर डीपीआरओ को जिला पंचायत अधिकारी का प्रभार मिला हुआ था।

error: Content is protected !!