अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के हरैया थाना क्षेत्र के जगदीशपुर ग्राम में रविवार की दोपहर करीब एक बजे अचानक लगी आग से लगभग 50 बीघा गेहूं की तैयार फसल जलकर खाक हो गई। तेज हवा के चलते आग नें कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के कई खेत इसकी चपेट में आ गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गया और किसान खेतों की ओर दौड़ पड़े।

आग से प्रभावित किसानों में छोटू सिंह, उमाकांत तिवारी, राम शुभावन, सुचित्रा सिंह, चित्रसेन सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, सुशील सिंह, अशोक सिंह, त्रिलोकी सिंह, जयेश कुमारी, अरुण सिंह, पूनम सिंह सहित अन्य किसान शामिल हैं। इन किसानों की तैयार खड़ी फसल पूरी तरह जल जाने से भारी नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव का ही एक व्यक्ति अपने खेत में कूड़ा व पराली जला रहा था। इसी दौरान उठी चिंगारी तेज हवा के साथ फैलकर अन्य खेतों तक पहुंच गया और देखते ही देखते आग नें बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम नें तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। स्थानीय ग्रामीणों नें भी आग बुझाने में भरपूर सहयोग किया, लेकिन तबतक बड़ी मात्रा में गेहूं जलकर राख हो चुका था।
घटना से किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। पीड़ित किसानों नें प्रशासन से मुआवजा दिलाने और दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग किया है।


