अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी
वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक कुमार 26 की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गंभीर हालत में उन्हें सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर वृंदावन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, दीपक कुमार करीब डेढ़ साल से श्री हित राधा केली कुंज आश्रम के पीछे स्थित सोसाइटी के एक फ्लैट में रह रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उन्होंने सोसाइटी की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या की। हालांकि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।
सदर सीओ संदीप कुमार सिंह के अनुसार, मृतक की पहचान दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले थे और केली कुंज से संबंधित गुरु कृपा कुंज आश्रम में रहते थे। शुक्रवार सुबह चौथी मंजिल की छत से गिरने की सूचना मिली थी। फोरेंसिक टीम और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।


