अजीत पार्थ न्यूज विशेष 🎇
आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में हैट्रिक लगाने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार एवं संगठन द्वारा बड़ी सर्जरी किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक जनवरी 2027 में विधानसभा चुनाव के तिथियों की घोषणा होने की पूर्ण संभावना है। इसके लिए भाजपा की आंतरिक तैयारियां अंतिम पड़ाव पर हैं। पार्टी के आंतरिक समीक्षा की जो रिपोर्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमितशाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक पूर्वी क्षेत्र अनिल जी व पश्चिमी क्षेत्र महेंद्र जी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह को मिली है, उसने भाजपा नेतृत्व को कड़ा निर्णय लेने को मजबूर किया है। यदि सर्वेक्षण के अनुसार टिकट बदले गये तो भाजपा गठबंधन राज्य में तीसरी बार 275 प्लस के साथ लौटेगी।
राष्ट्रीय नेतृत्व को मिली रिपोर्ट के बाद प्रदेश नेतृत्व को कड़े शब्दों में बता दिया गया है कि बीस फीसदी वर्तमान विधायकों का टिकट काटे बिना तीसरी बार राज्य में सरकार बनाना मुश्किल होगा। गठबंधन दलों के आधे से ज्यादा विधायकों के टिकट बचना मुश्किल है। उल्लेखनीय है कि रिपोर्ट में उन विधायकों के नाम और सीट के साथ रिपोर्ट भेजी गयी है, जिनके टिकट काटने हैं। इनमें ऐसे विधायक अधिक हैं जो दूसरे दलों से आकर भारतीय जनता पार्टी से टिकट प्राप्त कर विधायक बन गए हैं, लेकिन सम्पूर्ण पांच वर्ष कार्यकर्ताओं और कार्यक्रम से दिखावे का संबंध रखे। इस सर्वेक्षण में यह बताया गया है कि संबंधित क्षेत्र में किस जाति, किस हैसियत और किस बाहुबली का प्रभाव है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नें अपने प्रिय अधिकारियों को निर्देश दे दिया है कि किस जिले व क्षेत्र में इसकी क्रॉस चेकिंग किया जाए। उन्होंने बड़ी संख्या में टिकट कटने की प्रक्रिया को संगठन पर छोड़ दिया है। उनसे अपेक्षा की गयी है कि आपको जो भी प्रत्याशी दिए जायेंगे क्षेत्र में उनका भी खुद का वजूद होगा। इस सर्वेक्षण में अयोध्या से ब्राह्मण प्रत्याशी लड़ाने की सिफारिश की गयी है। जबकि सपा नें वहां से पहले ही ब्राह्मण प्रत्याशी उतारने का एलान किया है।बसपा से आकर वेद प्रकाश गुप्ता दो बार से भाजपा से विधायक हो रहे हैं।
गोरखपुर क्षेत्र के प्रॉपर्टी के धंधे से जुड़े विधायकों की वापसी फिफ्टी-फिफ्टी है। कुछ को परिस्थितियों के अनुसार (विपक्ष के प्रत्याशी को देखते हुये) दुबारा टिकट मिल सकता है। लेकिन जो पूरी विधायकी ठेकेदारी और प्रॉपर्टी को समर्पित कर दिया उनकी पुनः वापसी मुश्किल है। प्लाट काट कर या प्लेन से घुमा कर टिकट प्राप्त करने वाले बदनाम नेताओं को टिकट काटने की सूचना दे दी गयी है। हर क्षेत्र में ऐसे लोगों की संख्या बढ़ी है।
सर्वेक्षण सूत्रों के अनुसार चार मंत्री ऐसे हैं, जिन्हें उनके चुनावी क्षेत्र की जनता जमानत जप्त कराने के लिए इंतजार कर रही है। भाजपा नेताओं के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर राज्य में कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है। चुनाव के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमितशाह की रणनीति धरातल पर जो तूफान पैदा करता है, उससे भाजपा में रसातल पहुंच चुके लोग बहुत बार आसमान पर पहुंच कर चमकने लगते हैं।
संविधान, यूजीसी और आरक्षण की चर्चा से पार्टी को बचने का सुझाव दिया गया है। जिन विधायकों की चरित्र पंजिका में भ्रष्टाचार से जुड़े विवाद ज्यादा दर्ज हो चुका है, क्षेत्र में जिनके कार्यों से ज्यादा कारनामों के हो रहे हैं उनकी विदाई तय है। अब तक 50 से 55 लोग निशाने पर आ चुके हैं जिन्हें भाजपा दोबारा टिकट नहीं देगी। सख्ती इतनी होगी कि बहुत कोशिश के बाद मुश्किल से 8-10 लोग अपना टिकट बचा पाएं। सबको बता दिया जायेगा कि पार्टी रहेगी तो आपको फिर अवसर देगी।
विधानसभा में भाजपा के 257 और उसके सहयोगी दलों अपना दल (सोनेलाल) 13, राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) 9, सुभासपा 6, निषाद पार्टी 5, असम्बद्ध/अन्य 3 सदस्य हैं। सर्वेक्षण में केंद्र व राज्य सरकार के रिटायर्ड खुफिया अधिकारियों को भी रखा गया है। उनके श्रोतों से जो सूचनाएं मिली हैं वह अत्यंत संवेदनशील है। फिलहाल विधायकों के टिकट का फैसला अभी भविष्य के गर्त में है। भारतीय जनता पार्टी हैट्रिक लगाने के लिए फूँक- फूँककर कदम रख रही है। वह जनता की नब्ज टटोलने के लिए विभिन्न प्रयास करते हुए हर हथकंडे अपना रही है।


