संतकबीरनगर निवासी सिरफिरा युवक चढ़ा काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के छत पर, चालीस मिनट तक स्टेशन पर रहा अफरातफरी का माहौल

अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी

जनपद प्रतापगढ़ में शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे मां बेल्हा देवी धाम रेलवे स्टेशन के निकट उस समय हड़कंप मच गया, जब संत कबीर नगर निवासी मोहम्मद अनस नामक युवक चलती हुई काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस रेलगाड़ी के डिब्बे पर चढ़ गया। उक्त खतरनाक घटना नया माल गोदाम रोड के पास हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक के ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन के करीब पहुंचते ही रेलवे कंट्रोल रूम नें तुरंत वाराणसी-लखनऊ रेल मार्ग की समस्त बिजली आपूर्ति बंद कर दिया,जिससे विद्युत स्पर्शाघात लगने से एक बड़ा हादसा टल गया और युवक की जान बच गई।

सूचना के अनुसार युवक नें डिब्बे के छत से नीचे उतरने से साफ इंकार कर दिया। इस कारण काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन सहित वाराणसी-लखनऊ रेल मार्ग पर कई अन्य ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। करीब 40 मिनट तक रेलवे ट्रैक और आसपास के फाटकों पर लंबा जाम लगा रहा।

सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों द्वारा युवक को समझाने और नीचे उतारने की काफी कोशिश की गई, लेकिन इस दौरान युवक द्वारा पुलिसवालों से धक्का-मुक्की भी की गई। आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

युवक को हिरासत में लेकर जीआरपी पुलिस पूछताछ कर रही है। करीब 40 मिनट बाद काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को प्रतापगढ़ जंक्शन से रवाना किया गया। इस घटना से यात्रियों और स्थानीय लोगों में काफी देर तक दहशत और तनाव बना रहा। स्थानीय लोगों के मुताबिक उक्त युवक मां बेल्हा देवी मंदिर पर के इर्द-गिर्द काफी दिनों से रहता है।

error: Content is protected !!