अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के लालगंज थाना अंतर्गत कुआनो नदी के कछुवाड़ घाट पर होली के दिन नदी में नहाते समय एक युवक के गहरे पानी में डूबने से मौत का मामला प्रकाश में आया है। गहरे पानी में डूबते हुए युवक को देखकर साथ नहा रहे दो युवकों नें बचाने का प्रयास किया और डूबते हुए युवक को आनन-फानन में नदी से निकालकर एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों नें युवक को मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लालगंज थाना क्षेत्र के माधवपुर ग्राम निवासी दुर्गेश 19 पुत्र रामवृक्ष होली के दिन कुआनो नदी में नहाने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान वह दोस्तों के साथ नदी पार करने की कोशिश कर रहा था कि गहरे भंवर में डूबने लगा। जिसे देखकर साथ नहा रहे साथियों द्वारा युवक को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन युवक की मौत हो गई। जिला अस्पताल में युवक का शव मोर्चरी में रखवाया गया है। होली के दिन हुए उक्त घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत युवक दो भाईयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा था।


