अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के लालगंज थाना अंतर्गत रामजानकी मार्ग के छिबरा ग्राम के निकट गुरुवार की शाम अनियंत्रित तेज रफ्तार दो बाइकों के आमने-सामने हुए जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। जबकि महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम लालगंज थाना क्षेत्र के छिबरा ग्राम में रफ्तार का कहर देखने को मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अनियंत्रित तेज रफ्तार दो बाइकों में हुए जोरदार भिड़ंत में दोनों बाइक सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगे। दुर्घटना के बाद मौके पर अपरातफरी का माहौल बन गया।
राहगीरों द्वारा दुर्घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों नें भरत शर्मा 36 निवासी ग्राम रसूलपुर, थाना लालगंज, बस्ती को मृत घोषित कर दिया। जबकि उक्त दुर्घटना में नगर थाना क्षेत्र के निवासी निर्मला, जितेंद्र और विशाल गंभीर रूप से घायल थे, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बस्ती के लिए रेफर कर दिया गया।
स्थानीय पुलिस मृत युवक भरत शर्मा के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई। युवक के मौत की खबर गांव में पहुंचते ही कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विगत दो दिनों में रामजानकी मार्ग पर चार लोग असमय ही काल कवलित हुए हैं और आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक उक्त दुर्घटनाएं, तेज रफ्तार और नशेबाज, नौसिखिया मोटरसाइकिल चालकों की वजह से हो रही है।


