अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद में पर्यटन विकास के रफ्तार को गति देने के लिए पर्यटन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य योजना के अंतर्गत 901 लाख रुपये की 11 परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए सीएनडीएस को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।

कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके। इन परियोजनाओं में प्रमुख रूप से धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर जोर दिया गया है।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह नें बताया कि हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के चतुर्भुजी मंदिर लोनिया के विकास के लिए 75 लाख रुपये, महादेवा विधानसभा स्थित प्राचीन स्वयंभू शिव मंदिर के लिए 65 लाख रुपये, रुधौली के भानपुर स्थित बैड़वा समय माता मंदिर के लिए 78 लाख रुपये और महादेवा के रामजानकी मंदिर के लिए 72 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के बाबा भारीनाथ शिवस्थल के विकास के लिए 106 लाख रुपये तथा बस्ती सदर क्षेत्र के बीएमसीटी मार्ग स्थित कोड़रा चौराहे के शिव मंदिर के लिए 107 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मंत्री नें आगे बताया कि बस्ती सदर के भदेश्वरनाथ गांव स्थित शिवधाम श्री बाबा भदेश्वर नाथ मंदिर के विकास के लिए 200 लाख रुपये, रुधौली क्षेत्र में बहुउद्देशीय सुविधाओं के लिए 44 लाख रुपये, महादेवा के चंगेरवा गंगियाकोहल स्थित प्राचीन शिव मंदिर के लिए 65 लाख रुपये, बस्ती मुख्यालय के कबीर आश्रम मूड़घाट के लिए 45 लाख रुपये तथा हर्रैया के ऐतिहासिक स्थल श्री तपसीधाम आश्रम के लिए 44 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन योजनाओं के क्रियान्वयन से जनपद में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।


