अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
आगामी 10 जुलाई को जनपद के हरैया तहसील मुख्यालय के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में प्रस्तावित प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने गहन मंथन करते हुए समस्त तैयारियां पूरी कर ली हैं।

कार्यक्रम के दृष्टिगत तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंडलायुक्त बस्ती अखिलेश सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ.यशवीर सिंह नें कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उक्त अधिकारियों नें सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, मंच व्यवस्था, जन सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही कार्यक्रम को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करने के उद्देश्य से ड्यूटी में तैनात अधिकारियों कर्मचारियों की ब्रीफिंग करते हुए उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। इस दौरान अधिकारियों ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, कानून व्यवस्था एवं आमजन की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा समस्त व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 10 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर बस्ती के हरैया में स्थित कार्यक्रम स्थल पर उतरेगा। इस दौरान वह हरैया और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र से जुड़े हुए विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। सूचना के अनुसार हरैया में 36 करोड़ की लागत से बनने वाले कंपोजिट विद्यालय का शिलान्यास करने के साथ-साथ कुल 500 करोड रुपये के विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास का आयोजन है। इस दौरान मुख्यमंत्री 1 घंटे 10 मिनट तक के लिए हरैया में रहेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के आयोजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन नें सारी तैयारियां कर लिया है और इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर रूट डायवर्जन किया गया है। उक्त रूट डायवर्जन शहर के सीमा फुटहिया और जनपद की सीमा छावनी में किया गया है, जो 10 जुलाई की सुबह से प्रारंभ होकर कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को एनएसजी कवर सहित जेड श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्थाएं दी जाएगी। पुलिस नें मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर कुल 1460 कर्मियों को तैनात किया है। इस दौरान श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मुख्यमंत्री द्वारा सहायता राशि प्रदान की जाएगी।


