अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी
जनपद गोंडा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे में एक जीआरपी सिपाही के दोनों पैर कट गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां पर सिपाही की गंभीर स्थिति को देखते हुए ट्रामा सेंटर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जीआरपी में तैनात सिपाही आकाश सिंह 29,प्लेटफार्म नंबर एक पर मारपीट एवं चोरी के आरोपी सुनील कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी चोर सुनील पुलिस को चकमा देकर स्टेशन से गुजर रही डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस में चढ़ने लगा। उसे भागने से रोकने के दौरान सिपाही आकाश तेजी से उसके पीछे दौड़े और चलती ट्रेन से नीचे खींच लिया।
इसी खींचतान में सिपाही आकाश का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच मौजूद खाली जगह में गिर गए, जिससे चलती ट्रेन की चपेट में आने से आकाश के दोनों पैर बुरी तरह के कट गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्टाफ एवं उच्चाधिकारियों द्वारा उन्हें इलाज हेतु अस्पताल ले जाया गया। उल्लेखनीय है कि गंभीर रूप से घायल सिपाही आकाश जनपद मऊ के मूल निवासी हैं।


