यमदूत बनकर दौड़ रहे हैं ट्रेलर, टोलप्लाजा बचाने के चक्कर में ट्रेलर नें साइकिल सवार दम्पति को रौंदा,अधेड़ की हुई दर्दनाक मौत

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

जनपद के लालगंज थाना अंतर्गत लालगंज कस्बे के कुआनो नदी पर बने पुल पर बुधवार को तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर देखने को मिला। अनियंत्रित ट्रेलर नें साइकिल सवार दम्पति को रौंद दिया, जिससे अधेड़ की मौत हो गई तथा उसकी पत्नी बाल-बाल बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर बाद कुआनो नदी पर बने पुल पर तेज रफ्तार ट्रेलर नें लालगंज थाना क्षेत्र के रैनिया ग्राम निवासी राम रूप 50 पुत्र हरंगी को जोरदार टक्कर मार दिया, जिससे राम रूप की मौके पर मौत हो गई।

सूचना के अनुसार रामरूप अपनी पत्नी मीरा देवी के साथ साइकिल से लालगंज बाजार स्थित बैंक से रुपये निकालने जा रहे थे। वह अभी मनोरमा-कुआनो नदी पर बने पुल पर पहुंचे ही थे कि तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर जो कि टेंपो को ओवरटेक कर रहा था। उसके द्वारा रामरूप को जोरदार टक्कर मारने के बाद उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए तथा साइकिल पर बैठी हुई पत्नी मीरा बाल-बाल बच गईं।

मौके पर मौजूद लोगों द्वारा 108 एंबुलेंस की सहायता से राम रूप को पीएचसी कुदरहा पहुंचाया, जहां पर चिकित्सक नें अधेड़ को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान मौके पर पहुंचे परिजन और स्थानीय लोगों द्वारा मृतक के शव को लालगंज पुल पर रखकर मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे।

दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष लालगंज विनय कुमार पाठक नें परिजनों को समझाया और तत्काल मुकदमा दर्ज करने की बात करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष विनय कुमार पाठक के अनुसार दुर्घटना करने वाले ट्रेलर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है, साथ ही उक्त मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक टोल प्लाजा बचाने के चक्कर में कुदरहा- लालगंज-मुंडेरवा मार्ग पर बड़ी संख्या में ओवरलोड ट्रेलर अनियंत्रित होकर आवागमन कर रहे हैं। जिससे आएदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, उक्त ट्रेलरों के आवागमन पर रोक लगाने की आवश्यकता है।

error: Content is protected !!