अजीत पार्थ न्यूज संवाददाता कलवारी, बस्ती
जनपद के कलवारी थाना अंतर्गत गोविंदापुर ग्राम में बुधवार की रात संदिग्ध परिस्थिति में एक बुजुर्ग का शव घर में ही बांस के सहारे फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची कलवारी पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 76 वर्षीय बुजुर्ग छोटकान निवासी गोविंदापुर,थाना कलवारी का शव घर में लगे बांस में रस्सी के सहारे लटक रहा था। छोटकान का विवाह नहीं हुआ था, वह गांव में ही रहते थे, उनके दूसरे भाई का नाम झिनकान है, जिनका परिवार घर से करीब 200 मीटर दूर खलंगा पर निवास करता है। झिनकान के दो पुत्री और एक पुत्र है,जिसमें से एक पुत्र और एक पुत्री दिव्यांग हैं और दूसरी पुत्री भोजन बनाकर छोटकान को नित्य पहुंचाती थी। बुधवार की रात जब वह खाना बनाकर ले गई। तो उसने देखा कि काका फंदे से लटके हुए हैं। उसने शोर मचाकर लोगों को बुलाया। आनन-फानन में उन्हें लोगों नें फंदे से उतारा किंतु उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस नें फॉरेंसिक टीम के सहारे साक्ष्य को एकत्रित किया तथा शव को कब्जे में लेते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार नें बताया कि प्रथम दृष्टया देखने से तो लगता है कि उन्होंने आत्महत्या किया है लेकिन मौत का सही पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।


