अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के मुंडेरवा थाना अंतर्गत बनकसही में बुधवार की रात करीब दो बजे हुए एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई तथा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कांटे- बस्ती मार्ग पर बनकसही ग्राम के निकट एक दिन पूर्व रात में आए आंधी में सड़क के किनारे गिरे हुए पेड़ की डाल उक्त हादसे की वजह बनी। सूचना के अनुसार अंगद गुप्ता 22 पुत्र सूरज गुप्ता निवासी दक्षिण दरवाजा, थाना पुरानी बस्ती एवं आदित्य निषाद 21 पुत्र प्रदीप निषाद जो कि मछली बेचने का काम करते थे, बाइक द्वारा बस्ती से गोरखपुर शहर मछली खरीदने जा रहे थे।

यह लोग अभी बनकसही ग्राम के पास पहुंचे थे कि सड़क के किनारे गिरे हुए पेड़ के डाल से उनकी बाइक अचानक टकरा गई। उक्त टक्कर में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान जनपद के सल्टौवा गोपालपुर, थाना सोनहा निवासी सूरज 22 पुत्र रूपेश कुमार अपने साथियों के साथ खलीलाबाद से बारात करके वापस घर लौट रहा था, उसनें सड़क पर घायल पड़े हुए दोनों युवकों को देखा और मदद करने के लिए रुक गया। इसी बीच बस्ती से गोरखपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बस नें सूरज को रौंद दिया, जिससे घटनास्थल पर ही सूरज की मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस नें सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों नें अंगद तथा रूपेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल आदित्य का इलाज चल रहा है। हादसे की खबर सुनते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। दुर्घटना में मृत हुए अंगद गुप्ता का भी चार माह पूर्व विवाह हुआ था। पति की मौत की खबर सुनते ही उसकी पत्नी बेहोश हो गई।
दो युवकों की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस नें दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना करने वाले अज्ञात बस की तलाश कर रही है। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप यादव नें बताया कि उक्त मामले में विधिक करवाई किया जा रहा है।


