हाथों की मेहंदी और पैरों की महावर नहीं छूटा और विधवा हो गई बबिता,अयोध्या दर्शनकर लौट रहे युवक की बाइक के ट्रक से टकराने से हुई मौत,साथी गंभीर रूप से घायल

अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी

होनी की ऐसी मार पड़ी कि पच्चीस दिन पहले सुहागन बनी बबिता, माह भीतर ही विधवा हो गई। पूरा मामला गोंडा जनपद के वजीरगंज थाना क्षेत्र का है। जहां के ग्राम चौदहा मेटुकहा निवासी कृष्णलाल 23 की शनिवार की सुबह हुए सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बाइक सवार उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त हादसा गोंडा-अयोध्या मार्ग पर अनभुला ढाबे के निकट हुआ। सूचना के अनुसार कृष्णलाल गुरुवार की रात अपने पांच साथियों के साथ दो बाइकों को पर बैठकर अयोध्या गया हुआ था। इस दौरान उन लोगों द्वारा अयोध्या में घूम-घूमकर दर्शन किया गया और वहीं रात रुक गए थे। शनिवार की सुबह करीब पांच बजे सभी साथी घर लौट रहे थे।

यह लोग अभी करीब छः बजे वजीरगंज थाना क्षेत्र के अनभुला ढाबे के सामने पहुंचे थे और सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। जिससे उक्त हादसे में बाइक चालक कृष्णलाल और पीछे बैठे हुए शिवम अवस्थी 20 गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ चल रहे साथियों ने आनन-फानन में 108 एंबुलेंस द्वारा दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज गोंडा पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों नें जांच के बाद कृष्णलाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल शिवम अवस्थी को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया।

दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे मृतक कृष्णलाल के भाई जवाहरलाल नें बताया कि कृष्णलाल अपने पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था और वह चंडीगढ़ में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसका विवाह विगत 12 मई को बबिता के साथ हुआ था और विवाह के महज 25 दिन के भीतर ही कृष्णलाल की असामयिक मौत से बबिता के ऊपर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कृष्णलाल की दु:खद मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

उक्त मामले में थाना प्रभारी वजीरगंज विपुल पांडेय नें बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!