अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के थाना हर्रैया पुलिस ने दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। आरोपी को गोभिया तिराहा के पास से उस समय पकड़ा गया, जब वह कहीं भागने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर सेमरहिया गांव निवासी शीला देवी ने नौ जून को अपनी 19 वर्षीय पुत्री के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाते हुए थाना हर्रैया में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(V) के तहत केस दर्ज किया गया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी प्रेम कुमार सिंह 35 पुत्र शेर बहादुर सिंह निवासी जगदीशपुर सेमरहिया की तलाश में जुटी थी। बुधवार को तड़के उपनिरीक्षक इंद्रेश यादव, कांस्टेबल राजेश मौर्य तथा आरक्षी नरेंद्र कुमार ने मुखबिर की सूचना पर गोभिया तिराहा के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के समय आरोपी कहीं भागने की फिराक में था। पूछताछ के बाद उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया गया।
मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच जारी है और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


