घर से भागी हुई भैंस को पकड़ने नदी में उतरे युवक की डूबने से हुई मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल 

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

जनपद के रुधौली थाना क्षेत्र के मरवटिया आसर ग्राम में रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से मौत होने का मामला प्रकाश में आया है । मृतक की पहचान श्याम प्रकाश चौधरी 22 पुत्र श्री प्रकाश चौधरी के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह करीब सात बजे युवक की भैंस घारी से निकलकर नदी पार करते हुए बड़कुईया गांव की तरफ चली गई। भैंस को वापस लाने के लिए श्याम प्रकाश नदी में उतरा, लेकिन बीच धारा में गहरे पानी में पहुंचने के कारण डूब गया । घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर रुधौली पुलिस, फायर सर्विस और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एफएसएसओ रमेश चंद्र यादव के नेतृत्व में कई घंटों तक चले संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया। नायब तहसीलदार नीरज सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी लिया ।

पुलिस नें शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

error: Content is protected !!