मुंडेरवा निवासी युवती की नोएडा में बहुमंजिली इमारत से गिरने के वजह से हुई संदिग्ध परिस्थिति में मौत,मां और भाई नोएडा के लिए हुए रवाना

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

जनपद के मुंडेरवा बाजार निवासी एक युवती का गाजियाबाद जनपद के नोएडा स्थित थाना, सेक्टर-24 के अमौर सोसाइटी में शनिवार की देर रात 28वीं मंजिल से गिरने के वजह से मौत का मामला प्रकाश में आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्पिता जायसवाल 21 पुत्री संजय जायसवाल निवासी मुंडेरवा बाजार, थाना मुंडेरवा, जनपद बस्ती हरियाणा राज्य के पानीपत शहर में बीटेक की पढ़ाई कर रही थी। वह वर्तमान समय में अपनी बड़ी बहन साक्षी जायसवाल के पास नोएडा आई हुई थी। साक्षी नोएडा के अमौर सोसाइटी में रहकर तैयारी कर रही है। शनिवार की देर रात अचानक 28वीं मंजिल से अर्पिता नीचे गिर पड़ी, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। सूचना के अनुसार उक्त दुर्घटना के समय उसके पिता संजय जायसवाल भी फ्लैट में मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि संजय जायसवाल की तीन बेटियां और एक बेटा है। जिसमें से बड़ी पुत्री साक्षी जायसवाल नोएडा में, अर्पिता जायसवाल हरियाणा के पानीपत में और छोटी बेटी अंशिका जायसवाल कानपुर जिले में रहकर पढ़ाई करती हैं। मुंडेरवा बाजार स्थित घर पर संजय जायसवाल का पुत्र अक्षत जायसवाल और उनकी पत्नी रहती हैं। दुर्घटना की सूचना पर अक्षत जायसवाल और उसकी मां नोएडा के लिए रवाना हो चुके हैं।

फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई करते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है, कि उक्त युवती की मौत हादसा है या आत्महत्या। युवती की मौत की खबर सुनकर मुंडेरवा स्थित मकान पर मृतका के रिश्तेदार जुट रहे हैं, लेकिन मकान पर ताला बंद है।

error: Content is protected !!