अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के दुबौलिया थाना अंतर्गत सेमरा मुस्तहकम ग्राम में शनिवार की देर रात हुए मारपीट के विवाद में एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई तथा उक्त घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव व्याप्त है।

फाइल फोटो- मृतक राम कुबेर
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात करीब साढ़े नौ बजे ग्राम निवासी राहुल गौड़ एवं विपिन यादव के बीच रास्ते में खड़े ट्रैक्टर को हटाने के लिए कहासुनी शुरू हो गई और देखते-देखते ही उक्त मामला हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे, उक्त मारपीट के दौरान राहुल के बाबा राम कुबेर गौड़ 80 गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
आनन-फानन में उन्हें इलाज हेतु जिला चिकित्सालय बस्ती ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों उन्हें मेडिकल कॉलेज बस्ती के लिए रेफर कर दिया। जहां पर राम कुबेर को मृत घोषित कर दिया गया। मारपीट की घटना में एक अन्य व्यक्ति के भी घायल होने की सूचना मिली है।
पीड़ित परिवार के घर की महिलाओं के अनुसार मारपीट की नींव होली के दिन पड़ी थी। इस दौरान रंग के छींटे पड़ने की वजह से आरोपियों द्वारा घर के तीन लोगों को मारा-पीटा गया था। जिसमें एक व्यक्ति को सात टांके लगे थे तथा घर के बुजुर्ग व्यक्ति के हाथ की अंगुली कट गई थी। किंतु उक्त मामले में मुकदमा पंजीकृत नहीं किया गया था।
फिलहाल उक्त घटना के बाद मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष जीवन तिवारी द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उक्त मामले में पुलिस नें कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है। पेशबंदी को देखते हुए,शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


