उपजिलाधिकारी के पेशकार को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम नें किया गिरफ्तार, एसडीएम कोर्ट में मचा हड़कंप

अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी

जनपद सीतापुर के तहसील कार्यालय सिधौली के एक कोने में घूस के रूप में मिले हुए नकद रुपयों को गिन रहे एसडीएम के पेशकार को भ्रष्टाचार निरोधक दस्ते नें गिरफ्तार किया है। पेशकार के पास एक लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं,जो कि एक जमीन के मुकदमे के निस्तारण के नाम पर लिए गए थे। एंटी करप्शन की टीम पेशकार को अपने साथ लेकर चली गई। सूचना के अनुसार पेशकार को अटरिया थाने के अभिरक्षा में रखा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उपजिलाधिकारी न्यायालय में रामपाल मिश्र बनाम अखिलेश कुमार का एक मुकदमा चल रहा है। मुकदमें में तारीख पर तारीख मिल रही थी। ऐसे में रामपाल के पुत्र चंद्र प्रकाश मिश्र नें पेशकार अनुपम श्रीवास्तव से मुकदमे को लेकर बातचीत किया । पेशकार नें उनसे एक लाख रुपये घूस के रूप में मांगा था। चंद्र प्रकाश नें इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से किया था।

एंटी करप्शन टीम नें रंगेहाथ पकड़ने के लिए रणनीति के तहत काम किया। इसी क्रम में बुधवार की शाम करीब चार बजे चंद्र प्रकाश एक लाख रुपये लेकर तहसील कार्यालय पहुंचे। अनुपम श्रीवास्तव को नोटों की गड्डी थमाई और गिनने का अनुरोध किया। पेशकार नकदी लेकर एक कोने में चले गए। वह नोट गिन ही रहे थे कि इसी बीच एंटी करप्शन की टीम पहुंच गई। उन्हें गिरफ्तार करके अटरिया थाने में लेकर चली गई।

पेशकार नें पूछताछ के दौरान सिधौली की पूर्व उपजिलाधिकारी राखी वर्मा का भी नाम लिया है।

error: Content is protected !!