एक दिन पूर्व घर से गायब किराना व्यवसायी मनोज की गला रेतकर हुई हत्या, पत्नी नें पुलिस को दिया नामजद तहरीर

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में रविवार को एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया। सूचना के अनुसार सुबह अचानक हो रहे बारिश के बीच एक युवक का शव करचौलिया ग्राम स्थित समय माता मंदिर के निकट बरमूडा और टीशर्ट में पाया गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस नें शव की जांच पड़ताल किया तो उसका गला रेता हुआ था तथा मौके से नमकीन की खाली पैकेट बरामद हुआ।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। काफी देर के बाद शव की शिनाख्त मनोज त्रिपाठी 40 निवासी ग्राम मस्जिदिया, थाना कप्तानगंज, बस्ती के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पत्नी कुमकुम व पुत्र शानू 16, पुत्री खुशी 15 एवं छोटे भाई संतोष त्रिपाठी व आशीष त्रिपाठी नें बताया कि शनिवार की रात करीब दस बजे मनोज घर से निकले हुए थे तथा रात में साढ़े दस बजे उन्होंने पत्नी को फोन पर बताया कि वह भोजन करने के पश्चात घर आएंगे। इसके बाद पत्नी द्वारा वीडियो कॉल किया गया तो फोन नहीं उठा और थोड़ी देर बाद मोबाइल बंद हो गया। इस दौरान परिजन पूरी रात परेशान रहे।

रविवार की सुबह करचौलिया ग्राम के निकट समय माता मंदिर के पास शव मिलने की सूचना प्रसारित होने पर पुलिस द्वारा परिजनों को फोटो दिखाया गया तो परिजनों नें शव की शिनाख्त मनोज त्रिपाठी के रूप में किया। पुलिस द्वारा प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किया गया है।

मृतक की पत्नी कुमकुम त्रिपाठी द्वारा उक्त मामले में शिवम अग्रहरी पुत्र कपूर चंद निवासी जलेबीगंज, थाना कप्तानगंज,बस्ती व कुछ अज्ञात लोगों पर रुपये के लेनदेन को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है‌‌।

उक्त मामले में मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है‌। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर नामजद अभियुक्तों की तलाश प्रारंभ कर दिया गया है। उक्त मामले में पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को भी तलाश रही है। मौके पर फॉरेंसिक टीम नें घटना के संबंध में विभिन्न साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल उक्त घटना से क्षेत्र में तमाम चर्चाएं हो रही हैं।

error: Content is protected !!