अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के कप्तानगंज थाना अंतर्गत चर्चित करचौलिया हत्याकांड में फरार चल रहे तीसरे आरोपी शिवा विश्वकर्मा को पुलिस नें शुक्रवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी कप्तानगंज भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक 2 मई 2026 को ग्राम कल्याणपुर स्थित माता मंदिर के पूर्व सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान होने के बाद उसकी पत्नी की तहरीर पर थाना कप्तानगंज में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान त्रिनेत्र अभियान के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सीडीआर विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने पहले ही शिवम गुप्ता और ऋषभ मिश्रा उर्फ राज मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया था। उनके पास से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, टूटा हुआ चाकू, खून से सने कपड़े और पल्सर बाइक बरामद हुई थी।
इसी मामले में फरार चल रहे शिवा विश्वकर्मा की तलाश में जुटी पुलिस को शुक्रवार को गढ़हा गौतम के पास उसकी मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी किए जाने पर आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के मुकदमे में नई धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आर्म्स एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


