ब्यूटी पार्लर में संदिग्ध परिस्थिति में फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली संचालिका, परिजनों नें किया जांच की मांग

अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी

जनपद संतकबीरनगर के कोतवाली खलीलाबाद के बरदहिया बाजार स्थित मुस्तफा मार्केट में शुक्रवार को एक ब्यूटी पार्लर संचालिका का शव संदिग्ध परिस्थिति में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिलने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रानी साहिबा 23 के रूप में हुई है। जो ‘एंजल ब्यूटी पार्लर’ का संचालन करती थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रानी साहिबा प्रतिदिन की भांति सुबह करीब दस बजे पार्लर खोलने के लिए घर से निकली हुई थी। देर रात तक घर वापस न लौटने और फोन कॉल रिसीव न होने पर परिजन चिंतित हो उठे। इसके बाद वह मुस्तफा मार्केट पहुंचे, जहां पार्लर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर तीसरी मंजिल की सीढ़ियों के निकट रानी साहिबा का शव फंदे से लटका हुआ मिला।

आनन-फानन में परिजन उसे फंदे से उतार कर जिला अस्पताल खलीलाबाद ले गए, जहां पर चिकित्सकों नें उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया है।

परिजनों ने उक्त मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस नें शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!