अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के वाल्टरगंज थाना अंतर्गत बस्ती बांसी मार्ग के पड़िया चौराहे पर मंगलवार के दिन में करीब साढ़े ग्यारह बजे एक युवती द्वारा मोबाइल टावर पर चढ़ने का मामला प्रकाश में आया। सूचना के अनुसार राहगीरों द्वारा मोबाइल टावर पर नकाबपोश युवती के चढ़े होने की खबर सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

उक्त घटना की सूचना पर सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी, एडिशनल एसपी श्याम कांत, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, उपजिलाधिकारी रुधौली मनोज प्रकाश, एसडीएम सदर शत्रुघ्न पाठक सहित थानाध्यक्ष वाल्टरगंज सूर्य प्रकाश सिंह एवं महिला थानाध्यक्ष शालिनी सिंह सहित फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर जाल बिछाया और युवती से संवाद करने की कोशिश किया। लेकिन युवती अपने मांग पर अड़ी रही।
उक्त खबर जंगल की आग की तरह सोशल मीडिया के द्वारा प्रसारित होने पर मौके पर पहुंचे युवती के पिता रहमत अली ग्राम मझौआ कला प्रथम, थाना रुधौली, बस्ती नें प्रशासन को बताया कि मेरी पुत्री नाजिया बेगम 18 अपने प्रेमी से शादी करने की जिद को लेकर आज सुबह घर से निकली हुई है और यहां पर आकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
इस दौरान युवती के प्रेमी व उसके रिश्तेदारों को प्रशासन द्वारा सूचना दिया गया और युवती के पिता द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर क्षेत्राधिकारी, एडीएम तथा थानाध्यक्ष द्वारा कई बार वार्तालाप किया गया और युवती से यह कहा गया कि तुम्हारी समस्त मांगों को पूरी कर दिया जाएगा। लेकिन वह प्रशासन की बातों को दरकिनार करती रही। सूचना के अनुसार युवती का प्रेमी मेहताब आलम ग्राम व पोस्ट बेलहर कला, जनपद संत कबीर नगर जो कि वर्तमान समय में बेंगलुरु में रहता है। उससे विवाह की जिद पर वह अड़ी रही।
इस दौरान प्रशासन नें काफी मान मनौव्वल किया गया और उसके विवाह में प्रशासन द्वारा सहयोग करने की बात बताई गई। प्रशासन द्वारा माइक तथा मोबाइल से युवती से काफी देर तक बातचीत किया गया और आखिरकार युवती नें करीब छः घंटे बाद मोबाइल टावर से उतरने का फैसला लिया। इस दौरान पुलिस नें उसे अपनी कस्टडी में लेकर पूछताछ हेतु थाने लेकर चली गई। उक्त घटना के बारे में जनपद में तरह-तरह की चर्चाएं छिड़ी हुई है।


