ससुर के ब्रह्मभोज से घर वापस लौटे युवक की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत, घर में मिले खून के छींटे, पत्नी भी घायल

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

जनपद के सोनहा थाना अंतर्गत बसडिलिया ग्राम में शुक्रवार की देर रात संदिग्ध परिस्थिति में एक युवक के मौत का मामला प्रकाश में आया है। उक्त घटना में उसकी पत्नी भी घायल बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनहा थाना क्षेत्र के बसडिलिया ग्राम निवासी अनूप चौधरी 30 के ससुर मुनीराम चौधरी निवासी ग्राम मुंगरहा,थाना रुधौली,जनपद बस्ती का शुक्रवार को ब्रह्मभोज कार्यक्रम आयोजित था। उक्त ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अनूप अपनी पत्नी अर्चना के साथ मुंगरहा ग्राम में गया हुआ था और रात करीब साढ़े आठ बजे वह पत्नी के साथ अपने घर लौटा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका परिवार में विवाद हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिजनों द्वारा अनूप के ससुराल में सूचना दी गई, उसके बाद मौके पर पहुंचे ससुरालियों नें उसे निजी साधन द्वारा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों नें उसे मृत घोषित कर दिया। ससुरालवालों के अनूप के घर पहुंचने पर उनकी पुत्री अर्चना भी बरामदे में बेहोश पाई गईं। ससुरालयों के मुताबिक अनूप अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था तथा उसकी चार बहनें हैं। अनूप का विवाह विगत 12 फरवरी 2026 को हुआ था। अर्चना के भाई के अनुसार जब वह अपनी बहन के घर पहुंचा तो घर पर कोई मौजूद नहीं था और उसनें डायल 112 को सूचना दिया।

घटना की सूचना पर मौके पर थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना का निरीक्षण किया। इस दौरान फॉरेंसिक टीम नें विभिन्न साक्ष्य एकत्रित किए। मृतक के पत्नी अर्चना चौधरी के शरीर पर भी विभिन्न चोटें पाई गई हैं तथा अनूप के कमरे का शीशा फूटने के साथ-साथ जगह-जगह खून के छींटे एवं धब्बे पुलिस को प्राप्त हुए हैं।

उक्त घटना के संबंध में पुलिस नें बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। शीघ्र ही मामले का अनावरण कर दिया जाएगा। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

error: Content is protected !!