अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के कप्तानगंज थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 28 पर स्थित पीएचसी कप्तानगंज के सामने शुक्रवार की दोपहर अचानक पुलिस नें दाह संस्कार हेतु अयोध्या जा रही बस को आनन-फानन में रोकवा दिया। बस रुकते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद के सोनहा थाना अंतर्गत करमहिया ग्राम निवासी कृष्ण मुरारी पांडेय 70 अपने बहन कमला देवी के घर कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बिशुनपुरवा ग्राम में रहते थे। लंबी बीमारी के कारण गुरुवार की दोपहर बाद उनकी बिशुनपुरवा ग्राम में मौत हो गई। उनके बहनोई तथा भांजो सहित ग्रामीण शुक्रवार की सुबह बस द्वारा अयोध्या दाहसंस्कार हेतु जा रहे थे। इसी बीच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज के सामने अचानक मौके पर पहुंची कप्तानगंज पुलिस नें बस को रोकवा दिया और शव को बस से उतरवा कर,एंबुलेंस द्वारा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उल्लेखनीय है कि मृतक कृष्ण मुरारी पांडेय नि:संतान थे और अपनी पत्नी की मौत के बाद वह अपने चार बहनों में से एक बहन कमला देवी के घर ग्राम बिशुनपुरवा, थाना कप्तानगंज में निवास कर रहे थे। कृष्ण मुरारी पांडेय की मौत की सूचना पर उनके भाई द्वारा मौत को संदिग्ध बताते हुए स्थानीय पुलिस को सूचना दिया गया था। फिलहाल उक्त मामले में मृतक के बहनोई व उनके परिजनों का कहना है कि उनकी मौत बीमारी से हुई है। पोस्टमार्टम करने में उन्हें कोई हर्ज नहीं है।


