अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी
जनपद उन्नाव में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला प्रकाश में आया है। सूचना के अनुसार उनका शव उनके निजी आवास के बाथरूम में प्राप्त हुआ है। कुछ लोगों का कहना है कि उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है, लेकिन सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस नें शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल पाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उन्नाव जनपद के कोतवाली थाना अंतर्गत सिविल लाइंस स्थित निजी आवास में खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडेय रहते थे। वह मूल रूप से इटावा जनपद के निवासी थे। शनिवार की सुबह जब ड्यूटी पर जाने के लिए उनका वाहन चालक कमरे पर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने आस-पड़ोस के लोगों को सूचित किया और दरवाजे को तोड़ा गया तो बीईओ बाथरूम में मृत पाए गए।
उल्लेखनीय है कि मृतक खंड शिक्षा अधिकारी का मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में ड्यूटी लगी हुई थी। पड़ोसियों के अनुसार वह कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे, किंतु उन्होंने किसी से कोई भी गंभीर बीमारी का जिक्र नहीं किया था।
खंड शिक्षा अधिकारी के असामयिक मौत से बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत अधिकारियों एवं सहकर्मियों में शोक की लहर व्याप्त है। मृतक खंड शिक्षा अधिकारी के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं की जांच कर रही है कि खंड शिक्षा अधिकारी की किन परिस्थितियों में मौत हुई है। उनके सहकर्मियों के अनुसार वह है बहुत ही कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार अधिकारी थे।


