अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी
जनपद संतकबीरनगर के धनघटा थाना अंतर्गत रामजानकी मार्ग पर टांड़ा ग्राम के निकट गुरुवार की सुबह दो बाइकों में आमने-सामने हुए जोरदार भिड़ंत में एक हेड कांस्टेबल की दर्दनाक मौत हो गई। उक्त हादसे में दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना की सूचना पर मृत मुख्य आरक्षी के परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धनघटा थाना क्षेत्र के ग्राम गाई बसंतपुर निवासी जनार्दन यादव 45 पुत्र रामवृक्ष यादव सिद्धार्थनगर जनपद में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनका परिवार गोरखपुर में रहता है। गुरुवार की सुबह उन्हें सूचना मिली कि बस्ती जनपद के कुदरहा ब्लॉक स्थित परेवा ग्राम में उनकी बहन के ससुर का निधन हो गया है। वह अपनी होंडा शाइन बाइक से बहन के घर सांत्वना देने जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जनार्दन यादव जैसे ही टांड़ा ग्राम के पास पहुंचे, सामने से एक बाइक पर सवार तीन युवक तेज रफ्तार में आ रहे थे। बताया जा रहा है कि युवक शराब की बोतल लिए हुए थे और लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मैली गांव निवासी आजाद उर्फ दाढ़ी 20 और मिथुन 26 निवासी नवादा बिहार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि जनार्दन यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों नें हेड कांस्टेबल को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही पत्नी शोभा यादव, बेटी श्रेया 18 और बेटे सौरभ 20 का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची धनघटा पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


