पुत्री की मौत के बाद परिवार सहित घर लौट रहे शिक्षक नेता के वाहन हादसे में घायल होने के बाद गर्भवती पत्नी की इलाज के दौरान हुई मौत, शिक्षक नेता गंभीर रूप से घायल, एक ही परिवार में हुए तीन मौतों से गांव में पसरा सन्नाटा

अजीत पार्थ न्यूज बस्ती

जनपद के लालगंज थाना अंतर्गत बस्ती-महुली मार्ग पर सोमवार की भोर में हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई शिक्षक नेता के गर्भवती पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई तथा उक्त दुर्घटना में घायल शिक्षक नेता का गंभीरावस्था में लखनऊ के मैक्स हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है, साथ ही कार में सवार शिक्षक नेता की पत्नी की बहन को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फाइल फोटो- मृतका साधना शुक्ला 

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के महसो पूरब टोला ग्राम निवासी विष्णु दत्त शुक्ल 40 पुत्र स्व.हरिशंकर शुक्ल के करीब 11 माह पूर्व जुड़वा बेटियां पैदा हुई थीं। जिसमें से एक पुत्री शांभवी घटना के तीन दिन पूर्व गंभीर रूप से बीमार हो गई तो उसे परिजन इलाज हेतु बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराए थे। जहां पर रविवार की देर रात करीब डेढ़ बजे उपचार के दौरान मासूम की मौत हो गई। इसके बाद विष्णुदत्त शुक्ल के बड़े भाई अपने परिवार के साथ मासूम के शव को लेकर अपने गांव के लिए एक अन्य वाहन से रवाना हो गए थे।

उसके बाद विष्णुदत्त शुक्ल अपने वैगन आर कार से पत्नी साधना शुक्ल 32 एवं साली सोनी के साथ गोरखपुर से महसो के लिए आ रहे थे। सोमवार की सुबह करीब पांच बजे उनकी कार अनियंत्रित होकर बस्ती महुली मार्ग पर ठेकनापार ग्राम के निकट महादेवा विधायक निधि से निर्मित लोहे के द्वार में लगे हुए खंभे में बुरी तरह से टकरा गई। उक्त टक्कर इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार विष्णुदत्त शुक्ला उनकी पत्नी साधना शुक्ला एवं सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना में गंभीर रूप घायल शिक्षक नेता विष्णु दत्त शुक्ल 

दुर्घटना के पश्चात गांव के लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले हुए थे। आनन-फानन में उन्होंने परिजनों को सूचित किया। तत्पश्चात सभी घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया जहां पर विष्णु दत्त शुक्ला की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया और उनकी पत्नी साधना शुक्ला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान साधना की भी हालत गंभीर होने पर सोमवार को ही उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। जहां पर मंगलवार की शाम स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों नें मेडिकल कॉलेज लखनऊ के लिए रेफर कर दिया जहां पर इलाज के दौरान मंगलवार की आधी रात साधना की भी मौत हो गई।

परिवार वालों के अनुसार मृतका साधना पांच महीने की गर्भवती थी। इस कारण उन्हें कुआनो नदी के रामनगर घाट पर दफन कर दिया गया। ग्रामीणों के मुताबिक 4 वर्ष पूर्व भी विष्णुदत्त शुक्ला के नवजात पुत्र की भी मौत हो चुकी है। वर्तमान समय में घर पर 7 वर्षीया बड़ी पुत्री एवं जुड़वा पुत्री में से बची हुई 11 महीने की प्रणवी का देखभाल उनके बड़े भाई का परिवार एवं उनकी बुजुर्ग माता कर रही हैं। उक्त घटना से मोहल्ले में शोक का वातावरण है।

परिजनों के मुताबिक गंभीरावस्था में लखनऊ में भर्ती विष्णुदत्त शुक्ला जो कि जूनियर हाई स्कूल कांची डंड़वा, विकास खंड बनकटी में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात हैं। साथ ही वह जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के बस्ती जनपद के जिलाध्यक्ष भी हैं। शरीर में ऑक्सीजन लेवल मेंटेन न होने की वजह से उनके कूल्हे तथा पैर की हड्डियों का ऑपरेशन नहीं हो पाया है। फिलहाल उक्त घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

error: Content is protected !!