सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बाइक, तीन युवकों की हुई दर्दनाक मौत

अजीत पार्थ न्यूज एजेंसी संतकबीरनगर

जनपद के धनघटा थाना क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर तेलियागंज के पास शुक्रवार की देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों युवकों ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। एक साथ तीन युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

फाइल फोटो मृत युवक 

प्राप्त जानकारी के अनुसार धनघटा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पारा हरगोविंद निवासी अमित कुमार सिंह 22 पुत्र स्व.रामसहारे, श्यामू प्रजापति 21 पुत्र शिवधारी और वैभव उर्फ पवन 20 पुत्र दधिबल अपने दोस्त सुरेंद्र कुमार के घर बस्ती जनपद के उंचहर गांव से बारात में शामिल होने के लिए चंगेरवा-मंगेरवा गांव गए हुए थे। शादी समारोह में शामिल होने और रस्में पूरी होने के बाद तीनों युवक देर रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही उनकी बाइक धनघटा थाना क्षेत्र के दुल्हापार स्थित तेलियागंज के पास पहुंची, इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक में तेज गति से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बारात से पीछे आ रहे गांव के ही मोहम्मद करीम नें सड़क हादसा देखकर बाइक सवारों को पहचान लिया। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना उनके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गए, लेकिन तब तक तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी। पुलिस नें आवश्यक कार्रवाई करते हुए तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस संतकबीरनगर भेज दिया।

एक साथ तीन घरों के बुझ गए चिराग

इस हृदयविदारक हादसे ने पारा हरगोविंद गांव को झकझोर कर रख दिया है। एक साथ तीन युवकों की असमय मौत से गांव में मातम छाया हुआ है। जिन घरों में कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, वहां अब चीख-पुकार और अपनों को खोने का गम है। तीनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं और शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधा रहे हैं। सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण होने वाले हादसों और यातायात नियमों की अनदेखी एक बार फिर गंभीर चिंता का विषय बन गई है। यह हादसा दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनने और सड़क पर निर्धारित गति से वाहन चलाने की अहमियत भी याद दिलाता है।

error: Content is protected !!