अजीत पार्थ न्यूज बस्ती
जनपद के रुधौली थाना अंतर्गत नगर पंचायत रुधौली के भानपुर मार्ग पर स्थित लक्ष्मी देवी कन्या इंटर कॉलेज के पीछे गुरुवार की सुबह एक महिला की रक्तरंजित, अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस महिला के शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त करने का प्रयास करने के साथ-साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर शराब सहित पानी की बोतलें, महिला के कपड़े व अन्य सामान बरामद हुए हैं।

फाइल फोटो- मृतका प्रीति
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह खेत में फसल काटने जा रहे किसानों नें महिला का शव एक बाग में खुले हुए स्थान पर देखा तो शोर मचाया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस नें छानबीन के दौरान देखा कि महिला के गले पर धारदार हथियार के निशान के साथ-साथ, चेहरे पर निर्ममता के साथ गहरी चोटें पहुंचाई गई है। फिलहाल महिला का अपहरण करने के पश्चात दुष्कर्म एवं हत्या करने की आशंका जताई जा रही है।
महिला के शव मिलने की सूचना जंगल की आग की तरह क्षेत्र में फैली तो महिला की पहचान पड़ोसी जनपद सिद्धार्थनगर के नगर पालिका बांसी की इंदिरा नगर वार्ड निवासी प्रीति 27 पत्नी बाबूलाल के रूप में हुई। जो बुधवार की शाम करीब तीन बजे बिना बताए अपने दो वर्षीय बच्चे को लेकर घर से निकल गई थी। उसका पति बाबूलाल चाय की दुकान पर काम करता है तथा देर रात करीब दस बजे जब वह घर पहुंचा तो पत्नी को घर पर नहीं पाया। आसपास और रिश्तेदारी में पता किया लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक देर रात घटनास्थल से कुछ दूरी पर सड़क पर महिला का 2 वर्षीय बेटा लावारिस हालत में पुलिस को प्राप्त हुआ था, जिसे रुधौली पुलिस कब्जे में ले लिया था। लोगों के मुताबिक पुलिस अगर रात में ही बच्चे की मां की तलाश किया होता तो, हो सकता है महिला की जान बच सकती थी।
फिलहाल पुलिस घटना के हर पहलुओं पर जांच पड़ताल कर रही है। मौके पर फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट नें विभिन्न साक्ष्य एकत्रित किए। मृतका प्रीति बांसी से रुधौली क्षेत्र के कामता नगर वार्ड में कैसे पहुंची? पुलिस इसकी गुत्थी को सुलझाने के लिए विभिन्न कड़ियां जोड़ रही है।


