डॉ.अजीत मणि त्रिपाठी, बस्ती
जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र में रविवार को एक खेत में बोरे में भरकर अज्ञात व्यक्ति के शव दफनाने की सूचना पर स्थानीय पुलिस रात भर हलकान रही।
सूचना के अनुसार थाना क्षेत्र के दुबौली खुर्द निवासी एक युवक द्वारा डायल 112 पर सूचना दिया गया कि, गांव के किनारे एक खेत में जहां पर बांस की खूंटी के साथ-साथ तालाब है, वहां पर बोरे में भरकर किसी अज्ञात व्यक्ति का शव कुछ लोगों द्वारा दिनदहाड़े दफनाया गया है। सूचना के बाद मौके पर हमराहियों के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष संजय कुमार नें जब उक्त स्थान की खुदाई कराया तो वहां से एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ।
नवजात शिशु के शव को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अब मामला यह उठा कि उक्त नवजात शिशु का शव कहां का है,और कैसे दुबौली खुर्द के गांव में दफनाया गया? जबकि उक्त गांव में कोई बच्चा नहीं पैदा हुआ है। उक्त मामले को लेकर स्थानीय पुलिस के साथ-साथ ग्रामीण भी काफी परेशान दिखे।
आखिरकार थानाध्यक्ष संजय कुमार को दफन किए गए स्थान पर एक कपड़े की दुकान की पन्नी मिला। जिस पर देईसांड़,जनपद बस्ती का पता लिखा हुआ था। तहकीकात के लिए थानाध्यक्ष द्वारा देईसांड़ स्थित उक्त दुकान पर जब जानकारी लिया गया तो दुकानदार नें बताया कि रविवार की सुबह में एक युवक द्वारा उसकी दुकान से कफन खरीदा गया था। लेकिन युवक का पता मैं नहीं जानता। उक्त जानकारी होने पर पुलिस आसपास के अस्पताल में छानबीन किया कि किस गांव का बच्चा मृत अवस्था में पैदा हुआ है।
काफी खोजबीन के बाद पता चला कि पड़ोसी जनपद संत कबीर नगर के महुली थाना अंतर्गत लुतुही ग्राम निवासी अनिल गौतम उर्फ गुड्डू पुत्र रामफेर की पुत्री श्रेया 24 जो की गोरखपुर जनपद के सहजनवा क्षेत्र में सानू प्रसाद के साथ ब्याही गई है। उसको रविवार की भोर में करीब पांच बजे मृत अवस्था में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर में एक बच्चा पैदा हुआ था। जिसको श्रेया के भाई मुकुल, चाचा प्रकाश तथा उसके ससुर द्वारा ग्राम दुबौली खुर्द के तालाब के किनारे दोपहर में करीब बारह बजे दफना दिया गया था। सूचना के अनुसार उक्त स्थान पर अनिल गौतम का खेत भी है।
उक्त शव को दफनाते हुए दुबौली खुर्द की एक महिला द्वारा देखा गया। जिसको उसने अपने घर आकर अपने बेटे को बताया गया कि कुछ लोगों द्वारा तालाब के किनारे खेत में बोरे में भरकर किसी व्यक्ति का शव दफन किया गया है। जिसकी सूचना उक्त महिला के पुत्र द्वारा रविवार की शाम डायल 112 पर दिया गया कि उसके गांव में किसी व्यक्ति का शव दफनाया गया है। शव दफनाने की सूचना पर पुलिस नें तात्कालिक जांच पड़ताल शुरू किया और करीब 16 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उक्त शव की मिस्ट्री को हल कर दिया।
उक्त प्रकरण में थानाध्यक्ष संजय कुमार नें बताया कि नवजात शिशु के पास मिले कपड़े की दुकान की पन्नी नें काफी रास्ता साफ किया और बस्ती जनपद के कुछ सरकारी और निजी अस्पतालों के साथ-साथ संत कबीर नगर जनपद के अस्पतालों में भी छानबीन की गई, तो उक्त प्रकरण का खुलासा हुआ। फिलहाल शव का पंचायतनामा भरकर मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।


